इंदौर, । मध्यप्रदेश में शुक्रवार को भाजपा द्वारा भूमाफिया के खिलाफ चलाई जा रही कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इंदौर में भी भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने जा रहे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह, महापौर मालिनी गौड़, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला और विधायक आकाश विजयवर्गीय समेत पार्टी के 353 नेताओं-कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई।
दरअसल, मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार भूमाफिया के खिलाफ अभियान चला रही है। इसको लेकर भाजपा का कहना है कि कांग्रेस की सरकार चुन-चुन कर भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रताडि़त कर रही है। इसी कार्रवाई और कमलनाथ सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ भाजपा ने प्रदेशभर में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया गया। इंदौर में भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कमलनाथ सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा को प्रशासन ने केवल सभा करने की अनुमति दी थी, लेकिन प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट का घेराव करने की अनुमति नहीं थी। भाजपा की विशाल सभा होने के बाद पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, महापौर मालिनी गौड, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला समेत पार्टी कार्यकर्ता सडक़ पर प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया और वरिष्ठ नेताओं समेत कुल 353 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और थाने लाकर मुचलके में रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान सुमित्रा महाजन ने राजगढ़ की कलेक्टर निधि निवेदिता के बारे में कहा कि उन्हें झांसी की रानी बनने की क्या जरूरत थी। कार्यकर्ता तो मंदिर परिसर में खड़े थे। कलेक्टर क्यों वहां गई। माफिया के नाम पर अत्याचार किया तो भाजपा सहन नहीं करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि यह सरकार अतिक्रमण के नाम पर हमारे कार्यकर्ताओं को डरा-धमका रही है। भाजपा ने जब इस बात का विरोध किया तो ये कहने लगे कि अतिक्रमण के नाम पर कुछ लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है, मुख्यमंत्री की ऐसी कोई मंशा नहीं है। हकीकत में माफियाओं पर कार्रवाई के नाम पर जो निर्माण तोड़े गए हैं, उसके पीछे अवैध वसूली की मंशा थी। धरना स्थल पर कई भाजपा कार्यकर्ता काले गुब्बारे लेकर पहुंचे थे। प्रदर्शन कर रहे भाजपा के नेताओं की पुलिस से झूमाझटकी हुई। प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा, विधायक आकाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक राजेश सोनकर, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, मधु वर्मा समेत 20 बड़े नेता मौजूद थे।
Comments
Post a Comment