उज्जैन (वरुण पिंडावाला) - नागदा जं. में बायपास पर बगैर अनुमति संचालित दो बायोडीजल पंप पर गुर्स्वार को खाद्य विभाग ने कार्रवाई की है। यहां पर बायोडीजल के नाम पर विस्फोटक केमिकल बेचा जा रहा था। टीम ने जांच के बाद दोनों पंप को सील कर दिया है। केमिकल मिला पदार्थ देने पर मंदसौर की फर्म के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है। बायपास मार्ग स्थित यूनाइटेड व जेके पंप पर बायोडीजल विक्रय किया जाता है। शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने इनकी जांच के आदेश दिए थे।इस पर गुर्स्वार सुबह 11 बजे जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी मोहन मारू के नेतृत्व में इंडियन आइल सेल्स आफिसर मनीषसिंह, नापतौल अधिकारी श्याम दुबे, एसडीएम आशुतोष गोस्वामी, खाद्य अधिकारी नागेश दायमा ने यूनाइटेड पंप पर छापा मारा। यहां अवैध रूप से पंप संचालित करने का मामला सामने आया। बायोडीजल का जो मानक स्तर होता है, वह भी नहीं मिला। प्रथम दृष्ट्या जांच में विस्फोटक केमिकल बायोडीजल के नाम से बेचे जाने का मामला सामने आया। इस पर पंप संचालक अब्बास अली पुत्र कासिम अली, युनुस पुत्र कासिम अली निवासी नागदा तथा पेट्रोलियम प्रदाय करने वाली फर्म श्री सांई ट्रेडर्स नीमच, महाकाल बायोडीजल अल्कापुरी रतलाम के विर्स्द्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पंप को सील कर दिया गया है। इसके बाद टीम जेके बायोडीजल पंप पर पहुंची। यहां पंप संचालक पंप बंद कर चला गया। टीम को लगभग 1 घंटे जांच के लिए इंतजार करना पड़ा। दबाव के बाद पंप संचालक पहुंचा, तो एक रसूखदार ने अधिकारियों को कार्रवाई नहीं करने का दबाव बनाया। अधिकारियों ने दबंगता दिखाते हुए कार्रवाई प्रारंभ की। यहां भी अनियमितताएं सामने आई। डीजल टैंक का ढक्कन भी खुला पाया गया। अग्नि शमन यंत्र की भी व्यवस्था पंप पर नहीं थी। पंप संचालक जावेद पिता जाहिद खान निवासी नागदा, तथा पेट्रोलियम प्रदाय करने वाली फर्म श्री सांई ट्रेडर्स नीमच के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जेके व यूनाइटेड बायो डीजल पंप पर जांच की। पंप संचालक के दस्तावेज नहीं मिले। डीजल की जांच की तो प्रथम दृष्ट्या डीजल की जगह विस्फोटक केमिकल बेचा जा रहा था। दोनों पंप संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा में कार्रवाई कर पंप सील कर दिए गए। केमिकल सप्लाय करने वाली नीमच की सांई ट्रेडर्स व रतलाम की फर्म के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है।
- मोहन मारू, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी, उज्जैन
Comments
Post a Comment