नगरीय निकाय चुनाव में होगी 'आप' की इंट्री, तैयारी के लिए जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन; 23 को भोपाल में कार्यक्रम
भोपाल (ब्यूरो) - प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक पार्टियां अभी से तैयारियों में जुट गई हैं। भाजपा और कांग्रेस के अलावा तीसरे मोर्चे के रूप में आम आदमी पार्टी मैदान संभालेगी। प्रदेश की सभी सीटों पर कैंडिडेट उतारे जाएंगे। तैयारी के लिए सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। 23 अक्टूबर को भोपाल में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन किया जाएगा। आरक्षण के मुद्दे पर कोर्ट में मामला लंबित है। वहीं, कोरोना की वजह से भी निकाय चुनाव की प्रोसेस लेट हो गई। इस वजह से अधिकांश निकायों में महीनों से प्रशासक नियुक्त हैं। ऐसे में निकाय चुनाव अगले साल हो सकते हैं। लिहाजा, पार्टियां तैयारियों में लगी हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने जिला स्तर पर तैयारी शुरू की है। निकाय चुनाव की तैयारियों की शुरुआत आम आदमी पार्टी भोपाल से कर रही है। 23 अक्टूबर को भोपाल के गांधी भवन में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें मध्यप्रदेश प्रभारी गोपाल राय, प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह के साथ अन्य प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें चुनावी मुद्दों को लेकर भी चर्चा की जाएगी। जिला अध्यक्ष रीना सक्सेना एवं जिला प्रवक्ता प्रीति खरे ने बताया, सम्मेलन में जिलेभर से कार्यकर्ता शामिल होंगे।
भाजपा-कांग्रेस उपचुनाव में व्यस्त
वर्तमान में भाजपा और कांग्रेस लोकसभा-विधानसभा उपचुनाव में व्यस्त है। आम आदमी पार्टी ने किसी भी सीट पर अपना कैंडिडेट खड़ा नहीं किया है। प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने बताया, प्रदेश की सभी निकाय सीटों पर निगम महापौर, नपा-नप अध्यक्ष और पार्षदों के कैंडिडेट उतारे जाएंगे। कुछ सीटों पर कैंडिडेट तय भी किए जा चुके हैं। प्रत्येक जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन किए जाएंगे।
प्रदेश में कुल 407 नगरीय निकाय हैं। इनमें से 347 में आम निर्वाचन कराए जाना है। दो चरण में मतदान होगा। प्रथम चरण में 155 और दूसरे चरण में 192 नगरीय निकायों में मतदान कराया जाएगा। महापौर/अध्यक्ष का निर्वाचन अप्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। इन 347 नगरीय निकायों में सभी 16 नगर निगम शामिल हैं। बता दें, अभी 60 नगरीय निकायों का कार्यकाल बाकी है।
Comments
Post a Comment