विकास यात्रा में बिगड़ी विधायक प्रह्लाद लोधी की तबीयत, अस्पताल में नहीं मिला ऑक्सीजन सिलेंडर आधा घंटे तक तड़पे
पन्ना (ब्यूरो) - जिले के पवई विधानसभा से भाजपा के विधायक प्रह्लाद लोधी की 5 फरवरी रविवार की शाम विकास यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पवई अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें करीब आधा घंटे तक ऑक्सीजन सिलेंडर ही नहीं मिल पाया। विधायक आधा घंटे तक तड़पते रहे। फिर एम्बुलेंस के ऑक्सीजन सिलेंडर को निकालकर उन्हें ऑक्सीजन लगाई गई। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के सभी जिलों में गांव-गांव, शहर-शहर 5 फरवरी से सरकार की विकास यात्रा निकाली जा रही जा रही है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और जिले अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में पन्ना जिले में भी रविवार की सुबह से विकास यात्रा जिले के सभी ब्लाक तहसील स्तर से विकास यात्रा निकाली गई। जिसमें पवई विधानसभा में भाजपा के विधायक प्रहलाद लोधी पवई में विकास यात्रा कार्यक्रम में जनता को संबोधित कर रहे थे।
विधायक आइसीयू वार्ड में भर्ती
वह शासन की योजनाओं को ग्रामीणों को समझा रहे थे, लेकिन विकास यात्रा के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिससे उन्हें आनन-फानन में पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। जिले की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण उन्हें ऑक्सीजन का सिलेंडर नहीं मिल पाया। उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट की अत्यंत आवश्यकता थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने अमानगंज की एम्बुलेंस से ऑक्सीजन सिलेंडर निकलवाया। फिर ऑप्शनल व्यवस्था के तौर पर विधायक के लिए ऑक्सीजन की व्यवस्था की। मामले की जानकारी लगते ही पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा, सीएमएचओ व्ही एस उपाध्याय भी पवई पहुंचे और विधायक के इलाज की व्यवस्थाएं की। देर रात उन्हें पन्ना जिला अस्पताल रेफर कर भर्ती करवाया, जहां वह आइसीयू वार्ड में भर्ती हैं। उनका इलाज चल रहा है।
विधायक के स्वास्थ्य में सुधार
सीएमएचओ डॉक्टर व्हीएस उपाध्याय ने बताया कि विधायक प्रह्लाद लोधी को बीती रात पन्ना जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। जब उनसे ऑक्सीजन ना मिलने की बात पर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध थे, थोड़ी मिसअंडरस्टैडिंग हो गई थी।
Comments
Post a Comment