इंदौर (ब्यूरो) - दो नंबर विधानसभा में लाडली बहन योजना के सम्मान पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने कांग्रेस को रोजा इफ्तार वाली पार्टी बताया है। उनका कहना है कि सनातनी संतों की कथाएं कराने की परिपाटी भाजपा, खासतौर पर इंदौर के नेताओं ने शुरू की है। विजयवर्गीय का कहना है कि अब कांग्रेस नेता उनकी नकल करते हुए कथा कराने में जुटे हैं। विजयवर्गीय ने कहा, कांग्रेस के नेता पहले सिर्फ रोजा इफ्तार ही कराते थे। ये सिर्फ मुसलमानों के रोजे खुलवाने का काम करते थे। हमने इंदौर में ऐसे संस्कार डाले कि अब हमारी नकल कांग्रेस के नेता कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला और पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल भी कथा करवाने में जुटे हैं। आज हमें गर्व है कि हमने इंदौर में ऐसे संस्कार डाले कि हमारी नकल सब कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता भी कर रहे हैं। संजय शुक्ला इधर कर रहे हैं, सत्यनारायण पटेल उधर कथा कर रहे हैं। छुटभैये नेता भजन संध्या करवा रहे हैं। कांग्रेस का कोई नेता पहले यह नहीं करता था। ये जो धर्म की गंगा इंदौर शहर में बह रही है। ये बहाने का काम आपके नंदा नगर से प्रारंभ हुआ है।”
हमने शुरू की कथा की परंपरा...
“नंदा नगर से गीताभवन प्रवचन सुनने जाते थे। घर वाले कहते थे प्रवचन सुनकर आओ और क्या बोला बैरागीजी महाराज ने बताओ। इसलिए ध्यान से प्रवचन सुनना पड़ता था। फिर घर जाकर बताते थे कि आज बैरागीजी ने क्या बोला। बचपन से ही ये संस्कार थे। डोंगरे महाराजजी की कथना सुनने अन्नपूर्णा में गए। रमेशजी भी साथ थे। वहां कहा गया कि आगे वो ही लोग बैठेंगे जो पैसे देंगे। हम लोगों को पीछे बैठा दिया गया। तब सोचा था कि अगर भगवान ने मौका दिया तो अपन ही बड़ी कथा करवाएंगे। इस शहर के अंदर किसी नेता ने बड़ी कथा करवाई तो वो हमने की। कोई नेता कथा ही नहीं करता था। लोग करते ही नहीं थे। मंच पर ही नहीं जाते थे कभी। इंदौर शहर में बड़ी कथा करवाना, बड़ी भजन संध्या करवाना। बच्चों में संस्कार डालना। ये सब परंपरा हमने कायम की। बड़े-बड़े संतों को बुलाया। आजकल हमारी देखा देखी में कांग्रेसी भी करने लग गए। पहले कांग्रेस के लोग कथा नहीं करते थे। पहले कांग्रेस के लोग एक ही त्योहार मनाते थे, रोजा इफ्तार। मुसलमानों के जब रोजे आते थे, उन्हें खुलवाने का काम कांग्रेसी करते थे। कोई धार्मिक आयोजन नहीं करते थे।
बता दें कि कांग्रेस नेता भी बीते कुछ सालों से धार्मिक आयोजन लगातार करवा रहे हैं। कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला विधानसभा क्रमांक 1 में अब तक कई बड़े धार्मिक आयोजन करवा चुके हैं। कांग्रेस विधायक विशाल पटेल देपालपुर में कथा, भागवत करवा चुके हैं। एक बड़ा यज्ञ भी वे करवा रहे हैं। इसी तरह कांग्रेस नेता सत्यनारायण पटेल 5 नंबर विधानसभा में भजन संध्या, नानी बाई रो मायरो सहित अन्य धार्मिक आयोजन करवा चुके हैं। मध्यप्रदेश में पूर्व मंत्री दीपक जोशी, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन और पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत के बगावती तेवर से प्रदेश भाजपा में सियासत गरमा गई है। इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने बयान दिया है कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही हरा सकती है। यदि हमने संगठन की गलतियां ठीक नहीं कीं तो भाजपा ही भाजपा को हरा देगी।
Comments
Post a Comment