नरोत्तम मिश्रा का पलटवार "चुनावी हिन्दू हैं प्रियंका गांधी, उनके साथ मंच पर बैठे लोग महिलाओं को कहते हैं आइटम"
भोपाल (ब्यूरो) - प्रियंका गांधी के जबलपुर दौरे पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हमला बोला है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि ये चुनावी हिन्दू हैं। एमपी कांग्रेस के चुनाव अभियान का शंखनाद करने पहुंची प्रियंका गांधी ने सबसे पहले नर्मदा घाट पर पूजा की। प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी पर हमला बोला। भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रियंका गांधी को चुनावी हिंदू करार दिया है। बता दें कि मध्यप्रदेश में इसी साल विधानसभा के चुनाव होंने हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका महाकौशल पहुंची थी। प्रियंका गांधी के जबलपुर दौरे में एमपी कांग्रेस के सभी सीनियर लीडर मौजूद थे। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ, सांसद विवेक तंखा सहित तमाम अन्य नेता मौजूद रहे। प्रियंका गांधी शहीद स्मारक में आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने महाकाल तक को नहीं छोड़ा।
राज्य सरकार के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रियंका गांधी पर तंज कसा है। कहा है कि प्रियंका गांधी चुनावी हिंदू हैं जिन्हें चुनाव के समय मंदिर, गंगा और नर्मदा मैया की याद आती है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस पाखंड को अच्छी तरह समझती है। मेरा यही कहना है कि संस्कारधानी की जगह किसी और शहर को चुन लेती, संस्कारधानी आ रही हैं और ऐसे लोगों के साथ मंच शेयर कर रही हैं जो महिलाओं को आइटम बोलते हैं कहीं टंच माल बोलते हैं। नर्मदा मैया और गंगा मैया की याद आपको चुनाव के समय ही आती है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पांच साल पहले डुबकी लगाई थी और फिर अब आ गई हैं। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यूपी चुनाव में इन्होंने गंगा मैया में डूबकी लगाई थी को 400 में से पूरे यूपी में दो सीटें आईं थी। यही हाल मध्यप्रदेश में होने वाला है।
Comments
Post a Comment