जबलपुर (ब्यूरो) - प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से आज चुनावी शंखनाद किया। उन्होंने ग्वारीघाट पर मां नर्मदा का पूजन करने के बाद शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने अपने पिता और दादी को याद करते हुए कहा कि मेरे परिवार के सदस्यों ने इस देश को बनाने में अपना खून दिया है। मैं जानती हूं कि सत्ता को भोगना कितना आसान है। अपनी देशभक्ति के आधार पर अपना वोट डालें। मैं सौभाग्य मानती हूं कि सब नर्मदा मैया के तट पर हुआ। हम झूठ नहीं बोलेंगे हम देश के लिए समर्पित हैं।
मध्यप्रदेश में महंगाई की मार है
प्रियंका गांधी ने महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकार पर तंज कसा। प्रियंका ने कहा कि गैस सिलेंडर इतना महंगा है कि भरा नहीं पाते। आधी चीजें लोग खरीद नहीं पा रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए है। भयंकर बेरोजगारी है। शर्म की बात है कि एक सरकार तीन साल में मात्र 21 नौकरियां दे रही है। भर्ती के इम्तिहान के लिए युवा पढ़ रहे हैं। कोई न कोई घोटाला हो जाता है। पढ़ाई बर्बाद हो जाती है। परीक्षा देते हैं लेकिन उसका रिजल्ट नहीं आता है।
सरकारी कर्मचारी रो रहे हैं
इस शहर में जितने काम कराए गए थे, एक नजरिये के साथ कराए आपके विकास के लिए। इंदिरा जी ने हरित क्रांति कराई, राजीव जी ने आधुनिक भारत के लिए काम किया। उनके दिल में देश को आगे बढ़ाने का एक नजरिया था। जबलपुर का निर्माण उस नजरिये को लेकर हुआ था। लेकिन आज देखिए जबलपुर का क्या हाल है। लोग सरकारी नौकरी लेते थे, उन्हें एक पेंशन की सुरक्षा होती थी। आज सरकारी कर्मचारी रो रहे हैं। उनकी सुनवाई नहीं हैं। सिर्फ कांग्रेस के प्रदेशों में पुरानी पेंशन लागू हुआ है।
225 महीनों में 220 घोटाले किए हैं
प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश में हुए घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि व्यापम घोटाला, राशन घोटाला, शिक्षक घोटाला, पुलिसभर्ती घोटाला, खंडन घोटाला, कोरोना घोटाला, बिजली विभाग घोटाला, ईं टेंडर का घोटाला, टीवी सेट का घोटाला कितने सारे घोटाले हैं, जो मोदी जी ने गालियों वाली जो लिस्ट निकाली उससे लंबी घोटालों की लिस्ट है। इन्होंने महाकाल कॉरिडोर को नहीं छोड़ा, नर्मदा मैया को नहीं छोड़ा। महाकाल मंदिर की मूर्तियों में भी पैसे खाए हैं। कहां जाकर रुकेंगे ये लोग। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि इन्हें संस्कारों की याद कब दिलाएंगे आप? 220 महीनों के कार्यकाल में 225 घोटाले किए हैं।
कमलनाथ ने शिवराज को दी चुनौती
15 वर्षों बाद प्रदेश में हमारी सरकार बनी थी, लेकिन बीजेपी ने सौदेबाजी से हमारी सरकार छीन ली। मैं भी सौदा कर सकता था, लेकिन मैं मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता। शिवराज सिंह ने बीते तीन सालों में हमे मंहगाई दी, बेरोजगारी दी, माफिया राज दिया, बलात्कार दिया, घर-घर में शराब दी। ये शिवराज की उपलब्धि है। मैं उनसे मुकाबला नहीं कर सकता। मैं नाच नहीं सकता, मैं शिवराज सिंह को कलाकारी, घोषणाओं और गाने में नहीं हरा सकता। मैं शिवराज सिंह को चुनौती देता हूं मैं उन्हें सच्चाई में हरा सकता हूं। कमलनाथ ने कहा कि पांच महीने बाद कमलनाथ या कांग्रेस को मत देखना, अपने भविष्य को देखना।
प्रियंका ने जनता से किए पांच वादे
प्रियंका गांधी ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार एमपी में आई थी, उन डेढ़ साल में कितना काम हुआ। 27 लाख किसानों का कर्ज माफ हुआ। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाया गया था। एक करोड़ परिवारों को बिजली मुफ्त मिली थी। गौशालाएं बनवाई गई थीं। आज भी ऐसे ही काम कांग्रेस की सरकार कर रही है। मैं आपसे वादे कर रही हूं, जो पूरे होंगे। हर महीने 1500 रुपये महिलाओं को मिलेंगे। गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा। आपके लिए 100 यूनिट बिजली माफ होगी। 200 यूनिट बिजली बिल की हाफ होगी। पुरानी पेंशन लागू होगी। आपका दर्द हम समझते हैं। किसान कर्ज माफी का काम पूरा करेंगे। बचे किसानों का ऋण माफ होगा। ये हमारी गारंटी है।
सोचने समझने के लिए छह महीने हैं
प्रियंका गांधी ने कहा कि आप तय कीजिए, बच्चों के भविष्य का निर्माण करना है या नहीं, अपने प्रदेश को जवाबदेह बनाना है कि नहीं, तो मन बना लीजिए छह महीने में चुनाव हैं। सोचने समझने के लिए छह महीने हैं। सोचिए कि कांग्रेस की सरकारें क्या कर रही हैं अपने प्रदेशों में और अपना वोट अपने पक्ष में डालिए, जो आपके प्रति जवाबदेह बने। बहुत हो गया भ्रष्टाचार। आप नेताओं को मजबूर कर दीजिए कि जब मंच पर आएं तो सच बोले, नहीं तो आप उन्हें सत्ता से निकाल देंगें। मैं यहां किसी की आलोचना करने नहीं आई आपको जागरूक करने आई हूं।
Comments
Post a Comment