हरदा (ब्यूरो) - एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चेहरे पर कपड़ा बांधकर आए हमलावरों ने उसके कान के नीचे फायर किया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना छीपाबड़ थाना क्षेत्र में शनिवार को 6.45 बजे की है। बावड़िया का रहने वाला जीतू पंडित यहां वर्कशॉप पर अपना डंपर वॉश कराने आया था। वह रेत और लकड़ी का कारोबार करता था। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसडीओपी उदयभान सिंह के मुताबिक जीतू पंडित और उसके दोस्त दुकान पर बैठे हुए थे। वहां तौलिया बांधे दो लोग आए। उन्होंने वर्कशॉप में अपनी बाइक भी वॉश कराई। उन्होंने पीछे से आकर जीतू पंडित को गोली मार दी। आरोपी वर्कशॉप में लगे कैमरे में जाते हुए नजर आए है। उनका मुंह बंधा हुआ दिख रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है, साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है। जीतू पंडित वर्कशॉप पर कुर्सी पर बैठा था। तभी दो हमलावरों में से एक ने पीछे से उसे गोली मारी। दूसरा पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। गोली मारकर दोनों बाइक से चारुवा रोड की ओर भाग गए। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है। वहीं आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। ऐसा माना जा रहा कि रेत ओर लकड़ी के कारोबार से जुड़े होने के चलते किसी पुरानी दुश्मनी को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। जीतू खंडवा जिले के पलासपुर बीट से तस्करी के आरोप में 4 साल पहले पकड़ाया था। सागौन की लकड़ी का तस्कर था।
Comments
Post a Comment