एमपी में बदलाव की लहर, कांग्रेस निभा रही गारंटी
ग्वालियर (ब्यूरो) - कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को ग्वालियर पहुंची। जहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में हुंकार भरी। प्रियंका ने जनआक्रोश रैली को संबोधित करते हुए चंबल भाषा में कहा- भाजपा जाएवे वारी है, कांग्रेस आइवे वारी है। उन्होंने कहा कि एमपी में बदलाव की लहर है। कांग्रेस जो गारंटी दे रही, वो निभा भी रही हैं। एमपी में ओल्ड पेंशन योजना लागू होगी। इसके साथ ही मणिपुर के मुद्दे पर पीएम मोदी समेत आदिवासी अत्याचार और पटवारी भर्ती परीक्षा को लेकर भी जमकर निशाना साधा हैं। शुक्रवार को अपने एक दिवसीय ग्वालियर दौरे पर पहुंची प्रियंका गांधी का एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद वे रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पर पहुंची। जहां उन्होंने समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह मौजूद रहे। इसके बाद मेला ग्राउंड स्थित सभा स्थल के लिए रवाना हुई।
भैया बहनन को हमारी राम राम
अंचल की देशी भाषा में कहा कि सभी भैया बहनन को हमारी राम राम। प्रियंका ने कहा कि स्वतंत्रता का जो आंदोलन था, उसे सत्याग्रह का आंदोलन कहा गया। वो हमारी राजनीति की नीव रहा है। इसी के आधार पर दशकों तक हमारी राजनीति चली, लेकिन अब राजनीति बदल गयी है। राजनीतिक दलों के एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप के बीच जनता के ओरिजनल मुद्दे छिप जाते है। विपक्ष की बड़ी मीटिंग हुई, सभी बड़े नेता आये, तभी पीएम मोदी का बयान आया। जितने भी विपक्ष के नेताओं की पार्टियां है, एक झटके में सभी को चोर बता दिया। दूसरी तरफ मणिपुर दो महीने से जल रहा है, लेकिन 77 दिनों में एक बयान भी नहीं दिया। कल एक बयान दे भी तो उसमें राजनीति झोंक दी। मैं आपको भटकाने नहीं आई हूं। मैं यहा मुद्दों पर बात करने आई हूं। आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई का है। स्कूल महंगा है, छाता खरीदना मुश्किल हो गया है। आज आप लोग कैसे गुजारा कर रहे हो बहुत दर्द होता है। बहने परेशान है, घर में राशन, सिलेंडर अब महंगा है। घर में कोई बीमार हो जाता है तो घबराहट होती है कि दवा कहां से आये, इलाज कैसे हो। आज सभी जिम्मेदार नेताओं को जनता को बताना होगा कि आज ये महंगाई कैसे है।
प्रियंका ने जनता से सवाल पूछते हुए कहा कि जो आज आप पर राज कर रहे है उनके आलीशान महल है और आप कहां है। इसके लिए आप जनता ही दोषी हो, क्योंकि आप अपने नेताओं से ही सवाल नहीं कर रहे हो। आज 1600 करोड़ रुपये एक उद्योगपति कमा रहे है और एक किसान 27 रुपये नहीं कमा पा रहा है। उन्होंने पूछा कि आज आप ईमानदार सरकार चाहते हो या नहीं ? आज नौजवानों को घर पर फ्री का राशन नहीं रोजगार चाहिए। इस सरकार ने आपको निर्भर करने का काम किया है। राशन पर निर्भर, योजनाओं पर निर्भर करेंगे।
प्रदेश में बदलाव की लहर
इस बार प्रदेश में भी बदलाव की लहर है। मुझे विश्वास है कि आप मजबूत सरकार बनाने वाले है। ऐसी सरकार जो न खरीदी जा सके, न बेची जा सके। ऐसी मजबूत सरकार लाइये जो आपको मजबूत करें। उन्होंने कहा कि मैं ग्वालियर आई तब कुछ दिव्यांग लोग मुझे मिले, उन्होने बताया कि उनकी पेंशन सिर्फ 600 रुपये मिल रही है। इसे बढ़ाया जाए, कमलनाथ जी सरकार बनने पर उनकी पेंशन भी बढ़ाई जाएगी। अंचल की भाषा में प्रियंका ने कहा कि भाजपा जाएवे वारी है, कांग्रेस आइवे वारी है। जनसभा के मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पीसीसी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामनिवास रावत, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष बालेंदु शुक्ला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, सुरेश पचौरी, AICC के राष्ट्रीय सचिव शिव भाटिया मौजूद रहे। मंच के एक ओर पूर्व विधायक, पूर्व सांसदों को बिठाया गया। वहीं मंच के दूसरी ओर ग्वालियर चंबल अंचल के संगठन पदाधिकारी के साथ प्रदेश भर के पदाधिकारियों को जगह दी गई।
Comments
Post a Comment