तेज हुई चुनावी जंग, कमलनाथ के खिलाफ कपिल मिश्रा ने चलाया कैंपेन, सीएम शिवराज ने ली कांग्रेस की चुटकी
भोपाल (स्टेट ब्यूरो) - मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अभियान तेज होता जा रहा है। एक तरफ कांग्रेस पार्टी के नेता प्रदेश की शिवराज सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस नेता सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और शिवराज सरकार पर निशाना साध रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी के नेता भी कांग्रेस पार्टी के नेताओं को कठघरे में घेरने की कोशिश में लगे हैं। प्रदेश में एक-दूसरे पर आरोपों की बौछार होने लगी है। इसी बीच बीजेपी के दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है। करीब 11 मिनट के एक वीडियो में कपिल मिश्रा ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं। कपिल मिश्रा ने कमलनाथ की चक्की नाम से एक कैंपेन शुरू किया है और कई सवाल खड़े किये हैं। कपिल मिश्रा ने कहा कांग्रेस के जिस नेता पर परमाणु कार्यक्रमों की जानकारी लीक करने का आरोप है और जिस पर कई तरह के भ्रष्टाचार के आरोप हैं, उस व्यक्ति को मध्य प्रदेश की जनता आखिर कैसे स्वीकार कर सकती है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी पर उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर भी चुटकी ली है। शुक्रवार को भोपाल में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस नेता एक साल पहले ढिंढोरा पीट रहे थे कि वे 6 महीने पहले उम्मीदवार घोषित कर देंगे, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। सीएम ने कहा कि हमारे सेनापति अब मैदान में हैं। प्रदेश में विकास जारी है, जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है, लाडली बहना जैसी कई योजनाएं हम पहले से ही चला रहे है। ऐसे में हमारी तैयारी देखकर कांग्रेस परेशान हो गई है।
'मध्यप्रदेश में नूंह जैसी हिंसा कराने की प्लानिंग कर रही है बीजेपी' - दिग्विजय सिंह
शनिवार को राजधानी भोपाल में वकीलों का कार्यक्रम 'विधिक विमर्श' को संबोधित हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी एमपी में नूंह जैसे दंगे करवाने की प्लानिंग कर रही है। दिग्विजय सिंह के इस आरोप पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि दिग्विजय सिंह जैसे लोग देश में दंगे करवाते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि बीजेपी, मध्यप्रदेश में भी हरियाणा के नूहं जैसे दंगे करवाने की प्लानिंग कर रही है। दिग्विजय ने कहा कि बीजेपी को यह समझ में आ गया है कि उसके खिलाफ बहुत ज्यादा नाराजगी है इसलिए इस तरह के दंगे करवाकर वह राज्य के मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है। 'विधिक विमर्श' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज पर जिस तरीके से अत्याचार सरकार ने किया है। इससे पहले उन्होंने इस तरह का अत्याचार कभी नहीं देखा था। उन्होंने कहा कि बीजेपी दंगे करवाने की प्लानिंग इसलिए कर रही है कि उसे इस बात की जानकारी है कि उसके खिलाफ बहुत ज्यादा नाराजगी है। दिग्विजय सिंह ने इस कार्यक्रम में विधानसभा चुनावों के लिए वकीलों से समर्थन मांगा।
Comments
Post a Comment