भोपाल (ब्यूरो) - मध्य प्रदेश में कंपकंपाने वाली ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश में लगातार ठंड बढ़ रही है। इसी बीच प्रदेश के कई जिलों में आज भी बादल छाए रहेंगे। वहीं कोहरे और धुंध के आगोश में लोग दिन में भी ठिठुरने रहे हैं। राजधानी भोपाल में भी अलसुबह कुछ इलाकों में करीब पौन घंटे तक बारिश हुई। वहीं, कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। प्रदेश में मावठे के बाद सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। कई जिलों मे सूर्यदेव नदारद हैं। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई तो नर्मदापुरम, रीवा और सागर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर और भोपाल संभाग में अनेक स्थान पर तेज बारिश हुई। मौसम विज्ञानियों की माने तो अगले दो से तीन दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आसमान खुलने पर तापमान में गिरावट आएगी। ठंड के तेवर और तीखे होंगे। मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, सागर, बैतूल, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अशोकनगर में आज बारिश का अनुमान जताया है। चंबल, इंदौर, शहडोल, जबलपुर, उज्जैन संभागों में आज भी घना कोहरा छाया रहेगा।
पिछले 24 घंटे का तापमान
भोपाल – अधिकतम 19.9 न्यूनतम 14.1
इंदौर – अधिकतम 18.3 न्यूनतम 15.0
जबलपुर – अधिकतम 21.5 न्यूनतम 15.6
ग्वालियर – अधिकतम 15.6 न्यूनतम 7.9 रहा
Comments
Post a Comment