भोपाल (ब्यूरो) - मध्यप्रदेश में ओलावृष्टि और आंधी तूफान का कहर देखने को मिला है। मंगलवार को प्रदेश में खराब मौसम ने 5 लोगों की जान ले ली। फसलों को भी काफी नुकसान हुआ है। गेंहू और चने की फसल सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। मंगलवार को बैरसिया के अनिमेष चौहान की छत के नीचे दबने से मौत हो गई। आकाशीय बिजली गिरने से शहडोल में दो बच्चों की गई जान चली गई। शिवपुरी में एक किसान और गोहपारू थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई। एमपी के 24 शहर कस्बों में 2 इंच तक बारिश हुई। 16 जगह ओले गिरे। भोपाल में 74 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थी।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तीन दर्जन से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इसे लेकर मौसम विभाग में अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में ओलावृष्टि और बारिश का स्ट्रांग सिस्टम एक्टिव है। मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी और ओले गिरने की संभावना जताई है। नर्मदापुरम, हरदा, खरगोन, बड़वानी, इंदौर, शाजापुर, देवास,आगर, मालवा, नीमच, अशोकनगर, ग्वालियर, सिंगरौली,उज्जैन, सागर,बालाघाट, बुरहानपुर,खंडवा, गुना, शिवपुरी, दतिया, सीधी, मऊगंज,कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी,मंडला, दमोह,बैतूल, डिंडोरी, सतना, पन्ना,छतरपुर ,टीकमगढ़ ,निवाड़ी, पांढुरना, शहडोल और भोपाल संभाग के जिलों में गरज चमक के साथ बारिश का अनुमान है।
- नर्मदापुरम, खंडवा, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, बैतूल, छतरपुर और निवाड़ी जिलों में ओले गिरे हैं। कुछ जिलों में खेतों में कटी रखी फसल पर पानी पड़ गया। अब उनके दाने काले और खराब हो जाएंगे।
- छिंदवाड़ा में रातभर में 1.5 इंच पानी गिरा। पचमढ़ी, शिवपुरी में भी बारिश हुई है। खजुराहो में ओलों ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
- नर्मदापुरम के इटारसी, डोलरिया, पतलई और सिवनी मालवा में ओले गिरे हैं। इटारसी के मैदानों में 50 ग्राम तक के ओले बिछ गए। सोमवार रात 11 बजे के बाद मौसम में बदलाव हुआ।
- खंडवा में हरसूद और छनेरा तहसील के 10 से ज्यादा गांव ओलों से प्रभावित हुए हैं।
- हरसूद तहसील के प्रतापुरा गांव में फसलों को 100% नुकसान की बात कही जा रही है।
Comments
Post a Comment