उज्जैन (ब्यूरो) - एनसीपी नेता व महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या में शामिल एक आरोपी की तलाश में मुंबई पुलिस की टीम मध्यप्रदेश पहुंची है। पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हत्या में और लोगों के शामिल होने का संदेह है। एक पुलिस अधिकारी ने मुताबिक, मुंबई पुलिस की एक टीम मध्यप्रदेश पुलिस के साथ मिलकर आरोपी शिवकुमार गौतम उर्फ शिवा (जो उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला है) की तलाश कर रही है। ऐसी आशंका है कि वह मध्यप्रदेश में छिपा हो सकता है और उसे मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले और ओंकारेश्वर (खंडवा) में खोजा जा रहा है। रविवार शाम 7:30 बजे तक किसी का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने दावा किया कि संदिग्ध आरोपी संभवत: लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है।
दो आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच अधिकारी ने रविवार शाम को मुंबई में मीडिया को बताया, मुंबई पुलिस ने 15 टीमें गठित की हैं, जिन्हें महाराष्ट्र से बाहर भेजा गया है और यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि शूटरों को किसने रसद सहायता प्रदान की? पुलिस ने अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों से दो पिस्तौल और 28 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अब तक मूल रूप से उत्तर प्रदेश और हरियाणा के रहने वाले दो शूटरों और पुणे के एक सह-साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आशंका जताई गई कि आरोपी मुंबई से भागकर उज्जैन आ गया है। वह उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला है। मुंबई पुलिस ने वहां दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। एक आरोपी की तलाश है।
बता दें कि मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्धीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना तीन लोगों ने अंजाम दी है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन तीसरा अभी फरार है। उसकी तलाश में मुंबई पुलिस ने देश के कई शहरों में अपनी टीमें भेजी हैं। इसी कड़ी में एक टीम उज्जैन भी पहुंची। बताया गया है कि टीम आरोपी की तलाश में अभी यहां डेरा डाले रहेगी।
Comments
Post a Comment